बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग में चोरी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को कोटा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने क्रेशर मिल से करीब 50 हजार रुपये कीमत के उपकरण और अन्य सामान चोरी किए थे। मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि फरार दोनों आरोपियों को 9 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर दबिश देकर पकड़ा गया।
मामले में रतनपुर निवासी राजकुमार गोयल ने 11 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अगस्त की रात क्रेशर उद्योग से जैपलेट, रोलर, क्रेशर और जाली के शाफ्ट, जाली, टाइगर प्लेट, जाली कवरिंग, साइड प्लेट सहित अन्य सामान चोरी हो गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजू शिकारी (20 वर्ष) और झोल्टू उर्फ राहुल शिकारी (23 वर्ष), दोनों निवासी सोनवानी तालाब के पास, कोटा के रूप में हुई है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दिलीप साहू के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी की कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक शिव कुमार साहू, आरक्षक संजय श्याम और आरक्षक धर्मेंद्र साहू का योगदान रहा। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
