बिलासपुर। एसईसीएल मुख्यालय में 50वीं त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खान सुरक्षा महानिदेशालय के उप महानिदेशक नीरज कुमार ने की, जबकि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कंपनी में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षित खनन के लिए सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन, आधुनिक तकनीक का उपयोग तथा प्रत्येक स्तर पर सतर्कता जरूरी है।

बैठक में खदानों में सुरक्षा मानकों के अनुपालन, जोखिमों की पहचान व नियंत्रण, दुर्घटनाओं की रोकथाम, कर्मचारियों के प्रशिक्षण, आधुनिक सुरक्षा तकनीकों और डिजिटलीकरण सहित सुरक्षा प्रबंधन को मजबूत करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकों और सुरक्षा अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सुरक्षा स्थिति और किए जा रहे उपायों की जानकारी दी। ठेका कर्मियों के प्रशिक्षण और सुरक्षा प्रक्रियाओं के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में खान सुरक्षा महानिदेशालय के अधिकारियों, एसईसीएल प्रबंधन, कंपनी सुरक्षा समिति, क्षेत्रीय अधिकारियों और ठेका कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सुझाव रखे। अधिकारियों ने कहा कि मजबूत सुरक्षा संस्कृति केवल नियमों के पालन से नहीं, बल्कि कर्मचारियों, श्रमिकों और ठेका कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से विकसित होगी। संभावित जोखिमों की समय पर पहचान, बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग के जरिए शून्य दुर्घटना के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक प्रयास मजबूत करने पर जोर दिया गया।
