बिलासपुर। श्रद्धा महिला मंडल द्वारा एसईसीएल के सौजन्य से वसंत विहार स्थित पिंक डिस्पेंसरी में 104 महिला संविदा कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में फुल बॉडी हेल्थ चेकअप के साथ लिवर-किडनी फंक्शन, सीबीसी और आंखों की जांच की गई। जरूरत के अनुसार दवाइयां और दृष्टिदोष वाली महिलाओं को चश्मे उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
शिविर के दौरान एसईसीएल की चिकित्सक डॉ. पारुली साहू ने स्त्री रोगों, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर महिलाओं को परामर्श दिया। श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने कहा कि महिला संविदा कर्मी एसईसीएल परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की ओर से सभी 104 महिला संविदा कर्मियों को इंडक्शन कुक टॉप और उस पर उपयोग होने वाले बर्तनों का सेट भेंट किया गया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष श्रीमती हसीना कुमार और श्रीमती विनीता जैन भी मौजूद रहीं। उल्लेखनीय है कि एसईसीएल की वसंत विहार डिस्पेंसरी कोल इंडिया की पहली पिंक डिस्पेंसरी है।
