बिलासपुर। इंटरनेट मीडिया पर दबंग और बदमाश दिखने की सनक में कुदुदंड निवासी एक युवक द्वारा चाकू और पिस्टल के साथ तस्वीरें पोस्ट करने का मामला सामने आया है। हथियारों के साथ खींची गई युवक की कई तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही हैं। युवक को क्षेत्र में पहले से आपराधिक गतिविधियों के लिए जाना जाता बताया जा रहा है।

वायरल तस्वीरों में युवक अलग-अलग अंदाज में हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन करता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह हथियारों का प्रदर्शन युवाओं पर गलत प्रभाव डालने के साथ क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर सकता है। तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस की सक्रियता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

मामले में वायरल तस्वीरों की जांच कर हथियारों की वास्तविकता और युवक के पास उन्हें रखने की वैधता का पता लगाना जरूरी है।

पुलिस साइबर माध्यम से पोस्ट और खाते की जानकारी जुटाकर तस्वीरें कब और कहां की हैं, इसकी भी जांच कर सकती है। यदि हथियार वास्तविक पाए जाते हैं और नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
