बिलासपुर। चिंगराजपारा स्थित सिटी डिस्पेंसरी की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। 18 सितंबर को डिस्पेंसरी के मुख्य द्वार पर ताला लटका मिला, जिसके कारण टिटनेस का इंजेक्शन और इलाज कराने पहुंचे मरीजों को घंटों इंतजार के बाद लौटना पड़ा। मामले का वीडियो भी सामने आया है।

वार्ड क्रमांक 54 के पार्षद रामी शैलेश देवांगन ने बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला को लिखित शिकायत सौंपकर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डिस्पेंसरी में कुल 8 कर्मचारी पदस्थ हैं, लेकिन कई बार महज 2-3 कर्मचारी ही मौजूद रहते हैं। मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिखर पाटनवार पर बार-बार आकस्मिक अवकाश लेने और नर्सिंग स्टाफ शैल पाण्डेय व अनिता गोस्वामी पर भी अनुपस्थित रहने के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत के अनुसार, पिछले चार महीनों से डिस्पेंसरी में भृत्य और आया बाई की व्यवस्था भी नहीं है। पार्षद ने मांग की है कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और जरूरत के मुताबिक नए, जिम्मेदार स्टाफ की तैनाती की जाए, ताकि चिंगराजपारा क्षेत्र के मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।
