बिलासपुर। बहतराई नया तालाब के पास विवाद के दौरान युवक पर बटनदार चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल खून लगा बटनदार चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की रात महेंद्र यादव उर्फ गोलू यादव (36) ने राहुल यादव को अपनी पत्नी के साथ विवाद के दौरान गाली-गलौज करने से मना किया था। इसके बाद राहुल अपनी पत्नी को लेकर वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वापस आया और महेंद्र से विवाद करते हुए गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसी दौरान उसने बटनदार चाकू से महेंद्र के पेट में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की रिपोर्ट पर सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1330/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 296, 115(2), 351(3), 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी राहुल यादव की तलाश शुरू की और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में पुलिस ने आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने की बात कही है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
