बिलासपुर में राहगीरों को चाकू लहराकर डराने-धमकाने वाले चार बदमाशों पर सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल चार चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लक्की यादव, दीप उर्फ दीपू श्रीवास, विक्की यादव और शिवा यादव अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रिवर व्यू रोड, कंसा चौक, ज्वाली नाला और अरपा नदी की कच्ची रोड के पास दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ा और तलाशी में उनके पास से एक-एक धारदार चाकू बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की यादव (27), दीप उर्फ दीपू श्रीवास (28), विक्की यादव (25) और शिवा यादव (24) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग अपराध क्रमांक 522, 523, 524 और 525/2026 में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में आदतन बदमाशों और गुण्डा तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
आरोपियों के नाम:
लक्की यादव, निवासी कुम्हारपारा करबला
दीप उर्फ दीपू श्रीवास, निवासी टिकरापारा
विक्की यादव, निवासी जूनी लाइन
शिवा यादव, निवासी रमचंदन बाड़ा, गोंडपारा
बरामदगी: 04 धारदार चाकू
कार्रवाई: धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट
