17 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट कर उसे जबरन मोटरसाइकिल में बैठाकर ले जाने के मामले में तारबाहर पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में इससे पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 की सुबह पुराना बस स्टैंड स्थित शराब भट्ठी के पास वासु केशरवानी के साथ पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज और मारपीट की गई थी। आरोप है कि उसके साथ हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की गई तथा मारने के लिए पत्थर भी उठाया गया। इसके बाद वासु को अपने साथ ले जाया गया।
बाद में तारबाहर चौक के पास वासु के ऑटो में बैठने के दौरान दो लोगों द्वारा उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल में बैठाकर डीपूपारा बस्ती की ओर ले जाते हुए देखे जाने की जानकारी सामने आई। वहीं, मोबाइल फोन पर आरोपी द्वारा वासु को लेकर पूछताछ करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। घटना के बाद से वासु के घर नहीं लौटने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले रमजान अली उर्फ गामा और प्रिंस रजक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। वहीं फरार चल रहे जोई एंथोनी (26) निवासी इंदिरा कॉलोनी तारबाहर बस्ती और जितेन्द्र छाबड़ा (33) निवासी राजकिशोर नगर लिगियाडीह की मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी कर गिरफ्तारी की गई।
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव सहित आरक्षक नुरूल कादिर, राजेश श्रीवास, रूपलाल चंद्रा, राहुल राजपूत और भागीरथी गेदले का सराहनीय योगदान रहा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
