17 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। एसईसीएल की खदान से उच्च गुणवत्ता का कोयला लोड कर प्लांट पहुंचाए जाने के बाद उसकी गुणवत्ता में भारी अंतर मिलने के मामले में हिर्री पुलिस ने तीन माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
मामला थाना हिर्री क्षेत्र के डिघोरा स्थित ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड कंपनी से जुड़ा है। प्रार्थी आशीष केशरी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि एसईसीएल रामपुर कोयला खदान से दो ट्रेलरों में जी-6 श्रेणी का 5500 से 5800 जीसीवी उच्च गुणवत्ता वाला कोयला लोड कर कंपनी भेजा गया था। दोनों वाहनों के माध्यम से भेजे गए कोयले का प्लांट में केमिस्ट द्वारा प्रयोगशाला परीक्षण कराया गया।
जांच रिपोर्ट में सामने आया कि ट्रेलरों में पहुंचा कोयला महज 4203 और 4220 जीसीवी का था। गुणवत्ता में इस बड़े अंतर को गंभीरता से लेते हुए हिर्री पुलिस ने अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत धारा 316(3), 317(2), 317(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी से दिशा-निर्देश प्राप्त कर थाना प्रभारी हिर्री निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में फरार आरोपी की तलाश शुरू की गई।
लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने वाहन क्रमांक सीजी 12 एस 8901 के चालक बृजेश जायसवाल (25) निवासी देऊघर, थाना जियावन, जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश, हाल मुकाम श्री साईं आरा मिल, बिल्हा मोड़ हिर्री को 16 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
