13 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। हिर्री थाना पुलिस ने कोयला परिवहन में गुणवत्ता से संबंधित गड़बड़ी के मामले में करीब तीन माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सहदेव साहू (49), निवासी झलफा, थाना हिर्री के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी आशीष केशरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एसईसीएल रामपुर की कोयला खदान से दो
ट्रेलरों में उच्च गुणवत्ता का जी-6 श्रेणी का कोयला लोड कर ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड, डिघोरा भेजा गया था। कोयला कंपनी परिसर पहुंचने के बाद वहां प्रयोगशाला परीक्षण में कोयले की गुणवत्ता निर्धारित मानक से काफी कम पाई गई। परीक्षण में कोयले की जीसीवी गुणवत्ता क्रमशः 4203 और 4220 दर्ज हुई।
शिकायत के आधार पर हिर्री पुलिस ने अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत धारा 316(3), 317(2), 317(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हिर्री निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान वाहन क्रमांक सीजी 04 एचएक्स 4888 के वाहन स्वामी सहदेव साहू की प्रकरण में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी। आरोपी को 12 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
