10 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी और उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है। वर्ष 2026 में अब तक पुलिस ने 1250 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस किए हैं। इसी कड़ी में स्वतंत्रता दिवस उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित “चेतना अभियान” के तहत रविवार को करीब 30 लाख रुपये कीमत के 202 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए गए।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर आयोजित “अर्पण” कार्यक्रम में मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी और संतोष देखने को मिला। कई लोगों ने मोबाइल मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों से उनके गुम हुए मोबाइल बरामद कर उन्हें वापस सौंपे गए।

पुलिस के अनुसार, एसीसीयू (साइबर सेल) की टीम ने तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ सीमावर्ती राज्यों से भी गुम हुए मोबाइल फोन की जानकारी जुटाई और उन्हें बरामद किया। अब तक बरामद किए गए 1250 मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाया जा चुका है।

मोबाइल मिला तो छलकी खुशी, पुलिस को कहा धन्यवाद:कार्यक्रम में मोबाइल प्राप्त करने पहुंचे लोगों ने बिलासपुर पुलिस के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। पुलिस का यह अभियान न केवल लोगों की आर्थिक क्षति को कम करने वाला साबित हुआ, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत करने वाला रहा।

साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक:“अर्पण” कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी एवं उनकी टीम ने नागरिकों को वर्तमान समय में हो रही विभिन्न प्रकार की साइबर ठगी के बारे में जानकारी दी। लोगों को साइबर अपराध से बचने के जरूरी उपाय बताए गए। साथ ही भारत सरकार के बहुउपयोगी मोबाइल एप्लीकेशन “संचार साथी” के उपयोग और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं एसीसीयू मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलवार, नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं मोबाइल धारक मौजूद रहे।

बिलासपुर पुलिस का संदेश—
“आपकी एक आस, आपकी अमानत, आपके पास।”
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
