09 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 9 अगस्त 2026। मलेरिया, डेंगू और जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड ने कोटा क्षेत्र में एक सराहनीय जनसेवा पहल की। कोटा ब्लॉक के औरापानी आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद परिवारों को 1500 मच्छरदानियां और 500 क्लोरीन की बोतलें वितरित की गईं।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मच्छरजनित एवं जलजनित बीमारियों के संक्रमण को रोकना तथा लोगों को स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान ग्रामीणों को मलेरिया, डेंगू सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपाय, घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा पेयजल को सुरक्षित रखने की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य जांच के साथ मिला चिकित्सकीय परामर्श
कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच एवं निदान शिविर भी लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझते हुए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया और बीमारी से बचाव के लिए सावधानियां बताईं।

इस अवसर पर कोटा के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री प्रवेश पैकरा एवं बिलासपुर की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल ने कार्यक्रम में सहभागिता की। दोनों अधिकारियों ने रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड के इस सेवा प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बीमारियों की रोकथाम के लिए जागरूकता और समय पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम को खंड कार्यक्रम प्रबंधक श्वेता, मलेरिया नोडल अधिकारी श्री वैष्णव एवं तहसीलदार राहुल साहू का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
सेवा के संकल्प के साथ जुटे रोटरी सदस्य
कार्यक्रम में रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल, सचिव रोटेरियन रौनक साव गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष रोटेरियन विमलेश अग्रवाल सहित रोटेरियन डॉ. सुनील केडिया, डॉ. मनोज राय, पीयूष गुप्ता, चरनजीत गंभीर, डॉ. सिद्धार्थ वर्मा, शैलेश अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, अविनाश अग्रवाल एवं नितेश अग्रवाल उपस्थित रहे।
सेवा प्रकल्प को सफल बनाने में क्लब के सभी सदस्यों ने आर्थिक सहयोग के साथ सक्रिय सहभागिता निभाई। जरूरतमंद परिवारों तक मच्छरदानियां और क्लोरीन पहुंचाकर क्लब ने बीमारी के उपचार के साथ-साथ रोकथाम को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
इलाज से पहले रोकथाम पर जोर
रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि बीमारी होने के बाद उपचार करने के साथ उसकी रोकथाम के लिए समय रहते जागरूकता फैलाना और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। क्लब का प्रयास है कि समाज के जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य, जागरूकता और सेवा की पहल लगातार पहुंचती रहे।
उन्होंने कहा कि रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवा, बीमारी की रोकथाम, जनजागरूकता और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएगा।
