05 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज बलात्कार के एक गंभीर मामले में आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से आहत और डरी हुई पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बिलासपुर से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता ने लिखित आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि आरोपी खुलेआम कानून से बचने की कोशिश कर रहा है, जबकि उसके समर्थक लगातार जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।

पीड़िता के अनुसार, उसकी शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 949/2026 के तहत प्रशांत नारंग उर्फ बंटू, निवासी 27 खोली, बिलासपुर के विरुद्ध बलात्कार, ब्लैकमेलिंग, आपराधिक धमकी सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है। इसके बावजूद अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिससे उसके मन में न्याय मिलने को लेकर आशंका और भय लगातार बढ़ता जा रहा है।

आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी के करीबी लोग लगातार उसके संपर्क में आकर उसे डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि “जज और वकील सब सेट कर लिए हैं, जमानत मिलते ही तुम्हें इस दुनिया में जीने लायक नहीं छोड़ेंगे।” इन धमकियों के चलते पीड़िता और उसका परिवार लगातार भय के साये में जीवन बिताने को मजबूर है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी के समर्थक खुलेआम यह दावा कर रहे हैं कि पहले पूरे हालात अपने पक्ष में किए जाएंगे, उसके बाद ही आरोपी आत्मसमर्पण करेगा। पीड़िता का कहना है कि यह न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और जांच को कमजोर करने की सुनियोजित कोशिश है, जिसकी निष्पक्ष जांच होना बेहद आवश्यक है।

अपने आवेदन में पीड़िता ने एसएसपी से मांग की है कि मामले की व्यक्तिगत निगरानी की जाए, आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई है तो वर्तमान विवेचना अधिकारियों को बदलकर निष्पक्ष और प्रभावी जांच कराई जाए। साथ ही उसने स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए तत्काल पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
फिलहाल पीड़िता के आवेदन के बाद पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। वहीं, आवेदन में लगाए गए धमकी और न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने संबंधी आरोपों की सत्यता की जांच पुलिस द्वारा किया जाना शेष है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
