02 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर: गौवंश के अवैध वध और गोमांस के अवैध कारोबार के खिलाफ कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35.40 किलोग्राम गोमांस, घटना में प्रयुक्त दो टंगिया, खुरपा तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में गौवंश के अवैध वध, मांस परिवहन और बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दर्रीकापा निवासी राकेश अनंत और राहुल अनंत अपने घर में अवैध रूप से गौवंश का वध कर गोमांस का संग्रहण और बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 35.40 किलोग्राम गोमांस, हड्डियां, चमड़ी काटने में प्रयुक्त खुरपा, दो टंगिया तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BK 9940 बरामद कर जब्त कर ली।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299(3) एवं 5 तथा छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 5 एवं 10 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज, उप निरीक्षक मीना ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक नहारूराम साहू, पीएसआई ऊषा निषाद, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह, उमाशंकर राठौर, आरक्षक संजय श्याम, ज्वाला सिंह और दीप कंवर की सराहनीय भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
