02 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। ACCU और सरकंडा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ब्लैकमेलिंग, धमकी और भय का माहौल बनाकर एक परिवार से 14 लाख 50 हजार रुपये नकद एवं लगभग 450 ग्राम सोने के जेवरात हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन तथा अपराध की रकम से खरीदी गई एक एक्टिवा जब्त की है। मामले में दो आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
सरकंडा थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 1122/2026 के अनुसार राजीव विहार निवासी प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई कि स्वास्थ्य खराब रहने के कारण उन्होंने बैंक संबंधी कार्य और लॉकर की चाबी अपनी नातिन को सौंप रखी थी। इसी का फायदा उठाते हुए जनवरी 2025 से आरोपी आयुष यादव और उसके साथियों ने नातिन को परिवार के अन्य सदस्यों और छोटे बच्चों की हत्या तथा सड़क दुर्घटना में मरवा देने की धमकी देकर लगातार भयभीत किया।
आरोपियों ने डर और ब्लैकमेल के जरिए प्रार्थी तथा उनके परिजनों के एसबीआई और सहकारी बैंक खातों से एटीएम एवं फोन-पे के माध्यम से किश्तों में कुल 14.50 लाख रुपये निकलवा लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़िता को आर.आर. रिसॉर्ट के पास बुलाकर घर के लॉकर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण, जिनमें हार, चेन, अंगूठियां, झुमके और टीका शामिल थे, भी अपने कब्जे में ले लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन और अपराध की रकम से खरीदी गई एक्टिवा बरामद कर जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
आयुष यादव (22), विवेकानंद नगर, मोपका
आदर्श शर्मा (19), दीनदयाल कॉलोनी, बहतराई
प्रिंस साहू (18), दीनदयाल कॉलोनी, बहतराई
आदित्य पांडे (19), आर.के. नगर, सरकंडा
वहीं मामले के दो फरार आरोपी प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
