13 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र को विधायक सुशांत शुक्ला के प्रयासों से ₹1 करोड़ 12 लाख की विकास सौगात मिली है। इसमें मंगला मुक्तिधाम के उद्यान निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से ₹50 लाख तथा मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना 2026-27 के तहत 11 विकास कार्यों के लिए ₹62 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

मंगला मुक्तिधाम के उन्नयन की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। स्वीकृत राशि से उद्यान निर्माण, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और गरिमामय वातावरण उपलब्ध होगा। यह कार्य नगर पालिक निगम बिलासपुर द्वारा कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत मेलानाडीह, सिंघरी, डगनिया, सरवनदेवरी, उरतुम, रमतला, मदनपुर, अकलतरी, सेमरा, रमदई और गिधौरी सहित 11 गांवों में पंचायत भवन अहाता, सीसी सड़क, निर्मल घाट, शेड और नाली निर्माण जैसे विकास कार्य कराए जाएंगे।

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण इलाकों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बेलतरा विधानसभा को लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति मिल रही है।
क्षेत्रवासियों ने इन स्वीकृतियों का स्वागत करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला के प्रति आभार जताया और कहा कि उनके प्रयासों से वर्षों पुरानी मांगें पूरी हो रही हैं तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
