13 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने “अभियान संवेदना” के तहत नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लफ्फू उर्फ विजय सारथी (38) को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली क्षेत्र के दरोगा पारा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में नाबालिग बालिका के साथ आपत्तिजनक कृत्य की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद पीड़िता की मां की लिखित शिकायत पर महिला थाना में मामला दर्ज किया गया।
शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) एवं पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता तथा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे जघन्य अपराधों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
