13 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध सट्टा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सटोरिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ₹5,370 नगद, सट्टा पट्टी, मोबाइल फोन और सट्टा लेखन में इस्तेमाल सामग्री जब्त की है। मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप पर सट्टे का पूरा हिसाब-किताब भी मिला है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत यह कार्रवाई ग्राम जामगांव कोलाईबहाल के बाजारपारा में की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर सायजान अली (42 वर्ष) को सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को सट्टे का लेखा-जोखा दर्ज कागज, पोको कंपनी का मोबाइल, डॉट पेन और ₹5,370 नगद मिले। मोबाइल में व्हाट्सएप के जरिए सट्टा संचालन से जुड़े रिकॉर्ड भी बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना चक्रधरनगर के प्रधान आरक्षक दिलीप कुमार भानू तथा साइबर थाना की सहायक उप निरीक्षक ज्योत्सना शर्मा, आरक्षक नवीन शुक्ला, मनोज पटनायक और संतराम केंवट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जुआ और सट्टा सामाजिक व आर्थिक अपराधों को बढ़ावा देते हैं। ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत ऐसे अवैध कारोबार में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
