13 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रतनपुर पुलिस ने यातायात पाठशाला का आयोजन किया। थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने ऑटो एवं बस चालकों सहित आम नागरिकों को सुरक्षित वाहन चलाने के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, तेज रफ्तार, रॉन्ग साइड और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। साथ ही सिग्नल और जेब्रा क्रॉसिंग के पालन तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर अभिभावकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी ने कहा कि रतनपुर क्षेत्र में सड़क हादसों की रोकथाम के लिए यातायात पाठशाला का आयोजन आगे भी स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “सड़क पर थोड़ी सी सावधानी आपके और आपके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है। नियम तोड़ने से पहले एक बार अपने परिवार के बारे में जरूर सोचें।”
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
