13 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की प्रमुख कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना ‘एसईसीएल के सुश्रुत’ ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के साथ यह भारत सरकार के राजपत्र में अधिसूचित होने वाली किसी भी कोल सार्वजनिक उपक्रम की पहली सीएसआर योजना बन गई है।
कोयला मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार अब इस योजना के लाभार्थियों के लिए आधार प्रमाणीकरण की सुविधा उपलब्ध होगी। यह व्यवस्था आधार अधिनियम-2016 तथा आधार प्रमाणीकरण नियम-2020 के तहत लागू की गई है।
इससे योजना का लाभ पारदर्शी, लक्षित और तकनीक आधारित तरीके से पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचेगा। वहीं, जो लाभार्थी आधार प्रमाणीकरण का उपयोग नहीं करना चाहते, उनके लिए सरकार द्वारा स्वीकृत अन्य पहचान पत्रों के माध्यम से भी लाभ लेने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
वर्ष 2023 में शुरू की गई ‘एसईसीएल के सुश्रुत’ योजना के तहत एसईसीएल के परिचालन क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को नीट परीक्षा की निःशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है, ताकि वे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपना भविष्य संवार सकें।
योजना ने शुरुआत से ही उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। प्रथम बैच (2023-24) में 40 में से 39 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण की। इनमें 11 विद्यार्थियों का चयन एमबीबीएस, 2-2 विद्यार्थियों का बीडीएस, बीएएमएस एवं बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी तथा 2 विद्यार्थियों का वेटरनरी पाठ्यक्रमों में सरकारी संस्थानों में प्रवेश हुआ।
द्वितीय बैच (2024-25) में भी 40 में से 31 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस और बैचलर ऑफ फिशरीज साइंस सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि ‘एसईसीएल के सुश्रुत’ इससे पहले भारत सरकार के डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) पोर्टल पर सूचीबद्ध होने वाली किसी भी कोल सार्वजनिक उपक्रम की पहली और एकमात्र सीएसआर योजना भी बन चुकी है।
राजपत्र अधिसूचना के बाद इस योजना को और मजबूत संस्थागत आधार मिलेगा, जिससे लाभार्थियों तक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रौद्योगिकी-सक्षम सेवा वितरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
