13 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर में पर्यावरणीय नियमों की खुलेआम अनदेखी का एक गंभीर मामला सामने आया है। व्यापार विहार स्थित गुंबर पेट्रोल पंप के पास संचालित अमरान बैटरी प्रतिष्ठान पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य की प्रयुक्त लेड-एसिड बैटरियों से भरे एक वाहन को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी बैटरियों को आवश्यक अनुमति और वैधानिक दस्तावेजों के बिना नागपुर भेजने की तैयारी की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने गंभीर आरोप लगाए कि दुकान परिसर में रखी पुरानी लेड-एसिड बैटरियों का एसिडयुक्त पानी सीधे सामने स्थित खुले नाले में बहाया जा रहा था। इससे आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा था और स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा था। लोगों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई थी, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ती गई।
शिकायत मिलने के बाद सोमवार को छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की टीम मौके पर पहुंची और विस्तृत जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान मेटाडोर क्रमांक CG07 DE 0986 में लोड की जा रही प्रयुक्त बैटरियों, उनके परिवहन संबंधी दस्तावेजों और पर्यावरणीय मानकों की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में आवश्यक अनुमति एवं दस्तावेजों में अनियमितताएं मिलने पर वाहन को जब्त कर लिया गया।
सूत्रों के अनुसार जब्त की गई पुरानी बैटरियां नागपुर भेजी जानी थीं। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बैटरियां कहां से एकत्र की गईं, उनका परिवहन किसके निर्देश पर किया जा रहा था और खतरनाक अपशिष्ट के परिवहन से जुड़े नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार प्रयुक्त लेड-एसिड बैटरियां खतरनाक अपशिष्ट की श्रेणी में आती हैं। इनका अनुचित भंडारण, परिवहन या एसिड को खुले में बहाना मिट्टी, भूजल और जल स्रोतों को प्रदूषित कर सकता है। इसके संपर्क में आने से त्वचा, श्वसन तंत्र तथा अन्य गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका रहती है।
प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। यदि जांच में पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध पर्यावरण संरक्षण अधिनियम तथा अन्य लागू प्रावधानों के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
