06 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के आशीर्वाद मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की वारदात का रायगढ़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी में शामिल चार आरोपियों में से दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से चोरी की रकम बरामद की है, जबकि उनके दो अन्य साथी सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
पुलिस के अनुसार बोईरदादर निवासी 67 वर्षीय रतन मित्रा की शिकायत पर चक्रधरनगर थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ 3 जुलाई की रात मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश करने और गल्ले से 4 हजार रुपये चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी की रकम चारों ने आपस में एक-एक हजार रुपये बांट ली थी।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद तीन साथी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से जामगांव की ओर घूमने निकले थे। इस दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीनों घायल हो गए। वर्तमान में दो आरोपी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि हिरासत में लिए गए एक बालक को सामान्य चोटें आई थीं।
पुलिस ने दोनों बालकों के कब्जे से चोरी की एक-एक हजार रुपये की नगदी बरामद कर ली। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने और परिजनों को सूचना देने के बाद दोनों को किशोर न्याय बोर्ड, रायगढ़ के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
