05 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर:जिले में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ तोरवा पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। सट्टा सरगना किशन चंद बजाज सहित चार आरोपियों की गिरफ्तारी के अगले ही दिन पुलिस ने सट्टा नेटवर्क पर एक और बड़ा प्रहार करते हुए चार आदतन सटोरियों को गिरफ्तार कर संगठित अपराध के तहत कार्रवाई की है। लगातार हो रही इस कार्रवाई से सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध जुआ-सट्टा और संगठित सट्टेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में तोरवा पुलिस लगातार छापेमार कार्रवाई कर रही है।
इसी अभियान के तहत पुलिस ने दीपक रामनानी, अजहर जुननानी, सुधीर बोले और शुभम पांडे को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि चारों आरोपी लंबे समय से अवैध सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़े हुए थे तथा इनके विरुद्ध पूर्व में भी जुआ-सट्टा संबंधी प्रकरण दर्ज हैं।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में संगठित रूप से सट्टा संचालन के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 एवं 7 के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत भी अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ-सट्टा, संगठित अपराध और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
