03 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी “पुलिस जन संवाद” कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि पिछले पांच महीनों में रायगढ़ पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार और जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की है, लेकिन इन सामाजिक बुराइयों का स्थायी समाधान तभी संभव है जब पुलिस और समाज मिलकर कार्य करें।
एसएसपी ने बताया कि 4 जुलाई को आयोजित होने वाले “पुलिस जन संवाद” कार्यक्रम की थीम “संस्कारों से युक्त रायगढ़, नशा-सट्टा से मुक्त रायगढ़” रखी गई है। इस पहल के तहत शहर के प्रत्येक वार्ड में पुलिस और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि लोग बिना किसी संकोच के नशा, जुआ-सट्टा एवं अन्य अपराधों से जुड़ी जानकारी पुलिस तक पहुंचा सकें। भविष्य में इस पहल को खरसिया नगर पालिका क्षेत्र में भी लागू करने की योजना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान एक संयुक्त जनभागीदारी समिति के गठन पर भी चर्चा होगी, जिसमें पुलिस, प्रशासन, समाज कल्याण विभाग, अधिवक्ता, मीडिया, समाजसेवी, स्वयंसेवी संस्थाएं तथा जागरूक नागरिक शामिल होंगे। यह समिति नशा और जुआ-सट्टा की लत से बाहर आए लोगों के पुनर्वास, मार्गदर्शन और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेगी।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ की दो सबसे बड़ी सामाजिक चुनौतियां नशा और जुआ-सट्टा हैं। इनसे प्रभावित युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए सामाजिक सहयोग, संसाधनों और आर्थिक सहभागिता के साथ एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर अपने सुझाव देने तथा रायगढ़ को नशा और जुआ-सट्टा मुक्त बनाने के संकल्प में सहभागी बनने की अपील की।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश :“नशा और जुआ-सट्टा केवल कानून व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक चुनौती है। पुलिस की कार्रवाई के साथ समाज की सहभागिता ही इसका स्थायी समाधान है। हमारा लक्ष्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे और सट्टे की गिरफ्त से बाहर निकालकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना भी है।”
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
