03 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को सेवा सहकारी समिति सलका नवागांव में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, बिलासपुर के नोडल अधिकारी श्री आशीष दुबे के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर श्री आशीष दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) के दृष्टिकोण के साथ शुरू किए गए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रत्येक नागरिक को जुड़ना चाहिए। यह अभियान भावनात्मक जुड़ाव के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माँ जीवनभर अपने बच्चों की देखभाल, सुरक्षा और संरक्षण करती है, उसी प्रकार पेड़ भी मानव जीवन को स्वच्छ हवा, छाया, फल और जीवनदायी वातावरण प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में सहकारिता विस्तार अधिकारी श्री दुर्गेश साहू, समिति अध्यक्ष श्री विनोद विश्वकर्मा, शाखा प्रबंधक श्री वीरेंद्र विक्रम सिंह, पर्यवेक्षक श्री मनहरण साहू, समिति प्रबंधक श्री केशव देवांगन, श्री नारायण साहू, श्री रविशंकर साहू, श्री हेमंत प्रजापति, श्री अभिषेक तिवारी सहित शाखा एवं समिति के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
