03 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत तोरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धारदार चाकू लेकर आम लोगों में दहशत फैलाने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार धारदार लोहे के चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना तोरवा क्षेत्र में अड्डेबाजों, आदतन बदमाशों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 3 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लालखदान क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
इस दौरान पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर चार युवक धारदार चाकू लेकर घूमते और आम लोगों में भय का माहौल बनाते मिले। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया। तलाशी में उनके कब्जे से चार धारदार लोहे के चाकू बरामद हुए, जिन्हें जप्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशल पासी (19), सुमीत पाल (18), प्रथम चौहान (20) और शिवम चौहान (22) के रूप में हुई है। सभी आरोपी परियापारा, लालखदान, थाना तोरवा क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अलग-अलग अपराध दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
