03 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कॉलेज परिसर से ट्रांसफार्मर ऑयल एवं कॉपर वायर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 60 हजार रुपये मूल्य का कॉपर वायर का बंडल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को चौकसे कॉलेज के स्टाफ विकास चंद्रा ने थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कॉलेज परिसर में आपातकालीन विद्युत आपूर्ति के लिए रखे ट्रांसफार्मर ऑयल और कॉपर वायर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 232/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के निर्देशन में तोरवा पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच के दौरान मस्तुरी क्षेत्र के तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया कॉपर वायर का बंडल बरामद कर जब्त किया। गिरफ्तार आरोपियों में तरुण मनहर उर्फ राजा, लाला उर्फ भगत केंवट तथा यशवंत धीरज उर्फ राजा शामिल हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों को 3 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
