03 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:कटघोरा से अंबिकापुर के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के कटघोरा-शिवनगर खंड पर गुरसियाँ स्थित तान नदी ब्रिज की आवश्यक मरम्मत पूरी होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने पुल को आम यातायात के लिए पुनः खोल दिया है।

परियोजना कार्यान्वयन इकाई, बिलासपुर के परियोजना निदेशक श्री मुकेश कुमार ने बताया कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए पुल की संरचनात्मक मरम्मत रिकॉर्ड समय में पूरी की गई। इसके बाद इस मार्ग पर यातायात पूरी क्षमता के साथ सुरक्षित एवं सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया है। पुल की रेलिंग से जुड़े शेष कार्य भी आगामी कुछ दिनों में पूरे कर लिए जाएंगे।

ब्रिज खुलने से कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर आवागमन सामान्य हो गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और भारी वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है।
एनएचएआई ने कहा है कि सुरक्षित, निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली सड़क अवसंरचना उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
