08 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम उत्साह, उमंग और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ आयोजित किया गया।
वसंत क्लब परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर महिला मंडल की उपाध्यक्षों एवं सदस्याओं ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों एवं कर्मचारियों को फलदार पौधों के साथ पर्यावरण अनुकूल जूट के थैले वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना था।
अपने संबोधन में श्रीमती शशि दुहन ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ही सहायक नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला भी हैं। उन्होंने सभी से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा ने सभी क्षेत्रों में संचालित समितियों को आगामी मानसून सत्र के दौरान कम से कम 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया तथा इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक रूप देने पर बल दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की पदाधिकारीगण, सदस्याएं तथा एसईसीएल के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
