बिलासपुर:बिल्हा विकासखंड के ग्राम नगोई में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिला। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक सुशांत शुक्ला ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

शिविर में कुल 565 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 249 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को समय-सीमा निर्धारित कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
विधायक श्री शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव और घर-घर तक सुशासन पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। सुशासन शिविर शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाएं अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। वहीं कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि यह अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास का सेतु बनकर उभरा है।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा बड़ी संख्या में हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। खाद्य विभाग ने 36 राशन कार्ड, श्रम विभाग ने 135 श्रम कार्ड, तथा मनरेगा के तहत 91 जॉब कार्ड वितरित किए। परिवहन विभाग ने 7 लर्निंग लाइसेंस जारी किए और 6 आधार कार्ड बनाए गए। पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 12 हितग्राहियों तथा एनआरएलएम के तहत 11 हितग्राहियों को ऋण उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 122 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 74 लोगों की बीपी एवं शुगर जांच तथा 31 लोगों की सिकल सेल जांच कर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में त्वरित समाधान और योजनाओं का लाभ मिलने से ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
