08 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाकर 9 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने 6 जून से 8 जून तक विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर यह कार्रवाई की।
खनिज विभाग के अनुसार सरकंडा, सीपत, करगी, कोटा, पोड़ी, कोनी और मंगला क्षेत्रों में सघन जांच के दौरान अवैध रूप से रेत एवं चूनापत्थर का उत्खनन और परिवहन करते पाए गए 5 हाइवा और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया।
जांच में करगी क्षेत्र में रेत परिवहन करते एक हाइवा, कोनी क्षेत्र में चूनापत्थर परिवहन करते एक हाइवा तथा सरकंडा क्षेत्र में चूनापत्थर परिवहन करते दो हाइवा वाहनों पर कार्रवाई की गई। वहीं सीपत क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते एक हाइवा को भी जब्त किया गया।
इसके अलावा मंगला स्थित शिवघाट बैराज से अवैध रूप से रेत उत्खनन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और पोड़ी क्षेत्र में रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। सभी जब्त वाहनों को कोनी, कोटा, सरकंडा और सीपत थाना क्षेत्र की अभिरक्षा में रखा गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम लगातार निगरानी कर रही है और अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
