08 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़:महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए रायगढ़ पुलिस ने “अभियान संवेदना” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। शादी का झांसा देकर युवती का वर्षों तक शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जशपुर जिले की 26 वर्षीय युवती, जो चक्रधरनगर क्षेत्र में निवासरत थी, ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान मोबाइल फोन के माध्यम से आनंद सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे विवाह का वादा किया और विश्वास में लेकर दिसंबर 2024 में रायगढ़ आकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह कई बार रायगढ़ आकर युवती का शोषण करता रहा।
पीड़िता ने जब विवाह की बात की तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और अंततः शादी करने से इंकार कर दिया। इसी बीच युवती को पता चला कि आरोपी किसी अन्य युवती से विवाह की तैयारी कर रहा है। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।
महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 30/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम महाराष्ट्र के पुणे पहुंची और तकनीकी साक्ष्यों व स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आनंद कुमार सिंह (36 वर्ष), निवासी जिला बस्ती (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी जिला पुणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, संदीप भगत एवं आरक्षक राजू भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
