08 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर: साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत बिलासपुर के लिंगियाडीह में विकसित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण किया। यह केंद्र बिलासपुर जिले की 200 आंगनबाड़ियों के आधुनिकीकरण एवं उन्नयन के लिए संचालित ₹4.72 करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना का हिस्सा है।

लोकार्पण अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और बेहतर सुविधाएं बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव तैयार करती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों को सीखने और विकास के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री अजय बेहरा सहित सीएसआर विभाग के अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

वर्तमान में केंद्र में 22 बच्चे नामांकित हैं। इस अवसर पर बच्चों को पुस्तकें, पेंसिल, ड्राइंग पैड, स्केच बुक सहित विभिन्न शिक्षण सामग्री वितरित की गई। उन्नत केंद्र में बाल-अनुकूल शिक्षण कक्ष, बेहतर स्वच्छता सुविधाएं, आधुनिक फर्नीचर तथा आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में बिलासपुर जिले में अनेक महत्वपूर्ण सीएसआर परियोजनाओं का संचालन कर रहा है।
हाल ही में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा बिलासपुर के सकरी क्षेत्र में एसईसीएल की सीएसआर निधि से निर्मित किए जाने वाले अत्याधुनिक वृद्धाश्रम एवं दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र का शिलान्यास भी किया गया था।
