बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में फल दुकान संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद फरार होकर रायपुर चला गया था, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार 7 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे प्रार्थिया ने थाना सिरगिट्टी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पति मनीष गोस्वामी अपनी फल दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट वहां पहुंचा और पीछे से पकड़कर हत्या की नीयत से धारदार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनीष को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले में थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत धारा 103 एवं 115(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घायल मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला से अवैध संबंध था, जिसे लेकर आरोपी लंबे समय से आक्रोशित था। इसी रंजिश के चलते उसने हमला किया।
पुलिस को आरोपी के रायपुर में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने तत्काल रायपुर पहुंचकर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट (32 वर्ष) निवासी बाजार चौक तिफरा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
