08 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के यदुनंदन नगर तिफरा में रविवार रात हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पुराने विवाद के चलते आरोपी गोलू उर्फ “सर्किट” ने युवक केवल गिरी गोस्वामी पर बीच बाजार में ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच यदुनंदन नगर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई। उस समय बाजार में काफी भीड़ मौजूद थी। बताया जा रहा है कि आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर उस फल दुकान के पास पहुंचा, जिसे घायल युवक की पत्नी संचालित करती है। वहां पहुंचते ही उसने अचानक चाकू निकालकर केवल गिरी गोस्वामी पर हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना देते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया।

पहले भी मिल चुकी थी जान से मारने की धमकी
घायल युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी गोलू सर्किट लंबे समय से फोन पर धमकियां दे रहा था।
परिजनों के अनुसार आरोपी द्वारा युवक के साथ-साथ उसके परिवार और बच्चों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जाती थी। इस संबंध में पीड़ित की पत्नी ने सिरगिट्टी थाने में दो बार शिकायत भी दर्ज कराई थी।

परिजनों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उसके हौसले बुलंद रहे और अंततः उसने इस गंभीर वारदात को अंजाम दे दिया।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस:घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

व्यापारियों और नागरिकों में भय:भीड़भाड़ वाले बाजार में खुलेआम हुई इस चाकूबाजी की घटना के बाद यदुनंदन नगर और तिफरा क्षेत्र के व्यापारियों तथा स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं होती रहीं तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो जाएंगे।
फिलहाल घायल युवक सिम्स अस्पताल में उपचाररत है और जिंदगी की जंग लड़ रहा है, जबकि पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
