07 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोटा
रतनपुर से कोटा क्षेत्र में खपाने ले जाई जा रही थी अवैध शराब, पुलिस ने कलमीटार रोड पर घेराबंदी कर की कार्रवाई
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रतनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध शराब परिवहन कर रहे दो शराब कोचियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल में भारी मात्रा में देशी शराब लेकर कलमीटार भट्ठी से कोटा क्षेत्र की ओर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए टीम के साथ ग्राम कलमीटार रोड पर घेराबंदी की।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोका गया। पूछताछ में उनकी पहचान झलक पात्रे (40 वर्ष) निवासी लारीपारा खरगहना थाना कोटा तथा संतोष भारती (46 वर्ष) निवासी बीजा थाना तखतपुर के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब कुल 7.200 लीटर, जिसकी कीमत लगभग 3,200 रुपये आंकी गई है, बरामद की गई। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नरेश गर्ग, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक धनराज कुम्भकार एवं आकाश डोंगरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
