07 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी सटोरियों को क्रिकेट सट्टा आईडी उपलब्ध कराने के साथ-साथ तकनीकी सहायता भी प्रदान करता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ऐसी विशेष वेबसाइट तैयार कर सट्टेबाजों को बेचता था, जिसमें लाइव क्रिकेट मैच की जानकारी टेलीविजन प्रसारण से लगभग पांच सेकेंड पहले उपलब्ध हो जाती थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना रायगढ़ की टीम ने न्यू शंकरनगर स्थित मकान में दबिश देकर आरोपी आदर्श कुमार केशरी (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी बी.टेक इंजीनियर है और दिल्ली की एक आईटी कंपनी में कार्यरत बताया गया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अक्टूबर 2025 से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट से जुड़ा हुआ था और Winbigpro नामक प्लेटफॉर्म के तकनीकी संचालन एवं प्रबंधन का कार्य कर रहा था। इसके बदले उसे 20 प्रतिशत कमीशन प्राप्त होता था। आरोपी और उसके साथियों ने क्रिकेट प्रसारण में होने वाली तकनीकी देरी का फायदा उठाते हुए ऐसी वेबसाइट विकसित की थी, जिससे सट्टेबाज बॉल-टू-बॉल सट्टेबाजी में अनुचित लाभ प्राप्त कर सकें।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह देश के विभिन्न शहरों के सटोरियों को आईडी उपलब्ध कराता था तथा पुलिस से बचने के लिए समय-समय पर वेबसाइट, यूजर आईडी और पासवर्ड बदलता रहता था। नेटवर्क में सोशल मीडिया प्रचार, आईडी बिक्री और वेबसाइट डेवलपमेंट के लिए अलग-अलग टीमें भी बनाई गई थीं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सैमसंग एस-23 और वनप्लस मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 एवं 7 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
