06 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के सराफा उद्योग और पारंपरिक स्वर्णकार समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। राजधानी रायपुर में प्रस्तावित बहुप्रतीक्षित “ज्वैलरी पार्क” को शासन स्तर पर स्वीकृति मिलने के बाद प्रदेश के सराफा कारोबारियों और कारीगरों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से प्रदेश के हजारों सुनारों, शिल्पकारों एवं छोटे व्यापारियों को आधुनिक सुविधाओं, रोजगार और कारोबार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (CCCI) के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर स्थित कार्यालय में छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (CSIDC) के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल से सौजन्य भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्वैलरी पार्क की ऐतिहासिक स्वीकृति के लिए सराफा समाज की ओर से श्री अग्रवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा परियोजना के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान पार्क के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने, अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था, आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विस्तृत चर्चा हुई।

सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कहा कि ज्वैलरी पार्क प्रदेश के सराफा उद्योग को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाला प्रोजेक्ट साबित होगा। उन्होंने पारंपरिक सुनारों और छोटे कारीगरों को शासन की योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने श्री अग्रवाल को आगामी 28 जून को बिलासपुर में आयोजित होने वाले भव्य “सराफा महा सम्मेलन” में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।

ज्वैलरी पार्क बनेगा विकास का नया केंद्र
मुलाकात के बाद कमल सोनी ने कहा कि सराफा समाज की एकजुटता, सतत प्रयासों और वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन का परिणाम है कि आज वर्षों पुराना सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज्वैलरी पार्क छत्तीसगढ़ के आर्थिक और औद्योगिक इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा।
दो सत्रों में आयोजित होगा सराफा महा सम्मेलन
28 जून को बिलासपुर में होने वाला सराफा महा सम्मेलन दो प्रमुख सत्रों में आयोजित किया जाएगा।
प्रथम सत्र सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन, महासचिव एवं प्रदेश अध्यक्ष के उद्बोधन के साथ जेम्स एवं ज्वेलरी पार्क के लिए भूमि स्वीकृति पर शासन का आभार व्यक्त किया जाएगा। साथ ही आगामी निर्माण योजना, स्वर्णकला बोर्ड के गठन की मांग तथा सराफा उद्योग के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इस अवसर पर संस्थापक सदस्यों, पूर्व अध्यक्षों और सक्रिय पदाधिकारियों को “सराफा रत्न” सम्मान से नवाजा जाएगा।
द्वितीय सत्र में पुलिस प्रशासन, BIS एवं GST विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व्यापारियों को सुरक्षा, कानून, मानकों और कर नियमों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे। इसके अलावा नए संविधान के अनुरूप सदस्यता अभियान की शुरुआत तथा खुला मंच चर्चा भी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में सभी इकाई सदस्यों का सम्मान कर सम्मेलन का समापन किया जाएगा।
प्रदेशभर के सराफा व्यापारियों की नजर अब इस महा सम्मेलन पर टिकी हुई है, जहां उद्योग के भविष्य, ज्वैलरी पार्क की रूपरेखा और सराफा समाज के विकास की नई दिशा तय की जाएगी।
