खरसिया:रायगढ़ पुलिस ने सरकारी स्कूल में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल हमालपारा के ताले तोड़कर सिलिंग फैन, चावल, स्पीकर और अन्य सामान चोरी किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सिलिंग फैन और नगदी रकम बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, शासकीय बालक प्राथमिक शाला हमालपारा के प्रधान पाठक रिखीराम बिरहे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 मई को विद्यालय बंद करने के बाद 5 जून की सुबह स्कूल पहुंचने पर मुख्य ताले टूटे मिले। जांच में प्राथमिक शाला से 8 सिलिंग फैन, 1 एग्जॉस्ट फैन, 1 ब्लूटूथ स्पीकर, 50 किलो चावल तथा मिडिल स्कूल से 8 सिलिंग फैन चोरी होना पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना के आधार पर पुलिस ने हमालपारा तलाबपार निवासी महेश देवांगन (19 वर्ष) और धरमपाल कुर्रे (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने स्कूल में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने महेश देवांगन के कब्जे से एक सिलिंग फैन एवं 200 रुपये नगद तथा धरमपाल कुर्रे के कब्जे से एक सिलिंग फैन एवं 200 रुपये नगद बरामद किया। मामले में एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि स्कूलों, शासकीय संस्थानों और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों की शीघ्र पहचान कर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई उदय सिदार, आरक्षक कीर्ति सिदार, साविल चंद्रा एवं अमृत सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
जब्त मशरूका : 02 नग सिलिंग फैन एवं 400 रुपये नगद।
✍️ सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
