22 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बिलासपुर रेंज में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय ऑनलाइन कार्यशाला में रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों, एसडीओपी और थाना प्रभारियों को ‘प्रिवेंटिव पुलिसिंग’ को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

कार्यशाला में सक्ती जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने गुंडा और निगरानी बदमाशों की पहचान, निगरानी और कार्रवाई की आधुनिक कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इस दौरान अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और अपराध होने से पहले ही उसे रोकने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया।

आईजी श्री गर्ग ने निर्देश दिए कि आदतन अपराधियों का वैज्ञानिक तरीके से वर्गीकरण कर उनके फोटो, फिंगरप्रिंट, बैंक खाते सहित पूरा रिकॉर्ड अद्यतन रखा जाए। गंभीर अपराधियों के लिए गैंग हिस्ट्री शीट तैयार करने और उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यशाला में ‘एक गुंडा-एक जवान’ नीति लागू करने का निर्णय लिया गया, जिसके तहत प्रत्येक सक्रिय बदमाश की निगरानी के लिए एक पुलिसकर्मी को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जमानत पर छूटने के बाद दोबारा अपराध करने वालों की जमानत निरस्त कराने, जिला बदर, बाउंड ओवर और एनडीपीएस कानून के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
आईजी ने सभी थानों में रिकॉर्ड संधारण को मजबूत करने, ग्राम अपराध नोटबुक को अद्यतन रखने, कोटवारों और पुलिस मित्रों के साथ नियमित समन्वय बढ़ाने तथा राष्ट्रीय पर्वों और त्योहारों से पहले गुंडा-बदमाशों की परेड आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्रवाई पूरी तरह कानून और मानवाधिकारों के दायरे में होगी तथा सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा। जो व्यक्ति वर्षों से अपराध छोड़कर सामान्य जीवन जी रहे हैं, उन्हें निगरानी सूची से हटाकर पुलिस का फोकस केवल सक्रिय अपराधियों पर रखा जाएगा।
करीब 200 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस ऑनलाइन कार्यशाला में प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन पर आईजी राम गोपाल गर्ग ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
