06 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/खरसिया
रायगढ़। खरसिया के तुर्रीभाठा चौक में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर एक युवक के साथ मारपीट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक का रास्ता रोककर पहले गाली-गलौज की और फिर पैसे नहीं मिलने पर लात-घूंसों से हमला कर घायल कर दिया।
पुलिस के अनुसार, ठाकुरदिया वार्ड निवासी हरिषंकर निषाद 5 जून की रात अपने मित्र के घर से भोजन कर मोटरसाइकिल से लौट रहा था। तभी तुर्रीभाठा चौक के पास दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे और इंकार करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बेरहमी से मारपीट कर दी। हमले में युवक की आंख और छाती पर चोटें आईं।
घटना की शिकायत मिलते ही चौकी खरसिया पुलिस हरकत में आ गई। अपराध दर्ज कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने दबिश देकर विशाल सिदार उर्फ गोपालू और सचिन उरांव उर्फ मुंडा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न अजमानतीय धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले की जांच में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक शिव वर्मा, आरक्षक कीर्ति सिदार एवं साविल चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी :
विशाल सिदार उर्फ गोपालू (23 वर्ष)
सचिन उरांव उर्फ मुंडा (23 वर्ष)
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
