अभियान संवेदना के तहत महिला थाना की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग बालिकाओं से दुष्कर्म के दो मामलों का खुलासा
06 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। महिला एवं बालिकाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग बालिकाओं से दुष्कर्म करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
शादी का झांसा देकर किया शारीरिक शोषण, वीडियो वायरल करने की देता था धमकी
पहले मामले में एक 16 वर्षीय नाबालिग के पिता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई कि परिवार का परिचित युवक विकास नामदेव लंबे समय से उनके घर आता-जाता था। आरोपी ने बालिग होने पर शादी करने का झांसा देकर नाबालिग को अपने विश्वास में लिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए तथा उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने पूरी आपबीती अपने परिवार को बताई, तब मामला महिला थाना पहुंचा।
महिला थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर उसका मोबाइल फोन जब्त किया गया और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
रात में घर से ले गया, परिवार को जान से मारने की धमकी देकर किया दुष्कर्म
दूसरे मामले में चक्रधरनगर क्षेत्र की एक 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की वारदात सामने आई। परिजनों के अनुसार देर रात बच्ची अचानक घर से गायब हो गई थी। काफी तलाश के बाद अगले दिन वह आरोपी के घर मिली।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी अभिनेश चौहान उसे जबरन अपने घर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने परिवारवालों को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत दर्ज होने के बाद महिला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
महिला अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संचालित “अभियान संवेदना” के तहत महिला एवं बालिकाओं से जुड़े अपराधों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त सहित महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
