06 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…
रायगढ़:महिला अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद निवासी सलीम (30) को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर एक युवती का वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और बाद में दूसरी महिला से कथित विवाह करने का आरोप है।
मामले ने तब नया मोड़ लिया जब एक ही दिन में दो महिलाएं अपनी-अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। पहले खरसिया क्षेत्र की 45 वर्षीय महिला ने सुरक्षा की मांग करते हुए बताया कि उसने हाल ही में सलीम से मंदिर में विवाह किया है, जिसके कारण उसके परिजन उससे नाराज हैं।
इसी बीच 28 वर्षीय एक युवती ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर सलीम पर गंभीर आरोप लगाए। युवती के अनुसार कोरोना काल में उसकी मुलाकात सलीम से हुई थी। आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए और लगातार विवाह का भरोसा देता रहा। युवती का आरोप है कि सलीम उसे दिल्ली स्थित अपनी बहन के घर भी ले गया था और करीब छह वर्षों तक उसे विश्वास में रखता रहा।
पीड़िता ने बताया कि बाद में उसे जानकारी मिली कि सलीम दूसरी महिला के संपर्क में है और उससे भी विवाह की बात कर रहा है। कुछ समय बाद दूसरी महिला से मंदिर में विवाह की जानकारी मिलने पर उसने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सलीम मोबाइल फोन के जरिए कई अन्य महिलाओं और युवतियों से भी संपर्क में था। उसके मोबाइल में अनेक महिलाओं से चैटिंग और बातचीत के रिकॉर्ड होने की बात कही गई है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल महिला थाना और कोतरारोड़ पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस के सुपुर्द किया गया, जहां शिकायत के आधार पर दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
