06 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए आंदोलन के बाद बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विधायक देवेंद्र यादव समेत कांग्रेस और NSUI के कई प्रमुख नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह मामला सांसद तोखन साहू के निवास घेराव के दौरान हुए प्रदर्शन से जुड़ा है।

पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हुई। इसी आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने विधायक देवेंद्र यादव, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा सहित अन्य नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि NEET पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं ने सांसद निवास का घेराव कर केंद्र सरकार और परीक्षा प्रणाली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे, जिसके चलते इलाके में यातायात प्रभावित हुआ।

वहीं कांग्रेस और NSUI नेताओं ने पुलिस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए कहा है कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना अपराध नहीं है। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार जनआंदोलनों को दबाने के लिए प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर रही है।

इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट आ गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
