07 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोटा
बिलासपुर: चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान के तहत कोटा पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पोड़ी स्थित अरपा नदी किनारे संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण केंद्र पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से 240 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब, तीन टुल्लू पंप तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 48 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पोड़ी क्षेत्र में कुछ लोग अवैध धनार्जन के उद्देश्य से भारी मात्रा में महुआ शराब का निर्माण कर रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने अरपा नदी किनारे कोंदा बाड़ी स्थित झोपड़ीनुमा मकान में दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी देव प्रसाद बारले, करण लहरे एवं अन्य साथी नदी की ओर भाग निकले। तलाशी के दौरान 45-45 लीटर क्षमता के तीन और 15-15 लीटर क्षमता के तीन एल्यूमिनियम डेचकों में भरी कुल 240 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसके साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त तीन टुल्लू पंप और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 J 8216 भी जब्त की गई।
फरार आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
