06 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…
रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। श्रीरामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुए मारपीट प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्टील का कड़ा भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार बैकुण्ठपुर महावीर चौक निवासी वैभव ठाकुर (23 वर्ष) ने 28 मार्च 2026 को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 27 मार्च को श्रीरामनवमी शोभायात्रा के दौरान गैलेक्सी मॉल के पास कुछ लोगों के बीच विवाद हो रहा था, जिसे उसने शांत कराने का प्रयास किया था।
रात में शोभायात्रा समाप्त होने के बाद जब वह दशरथ पान ठेला के पास साउंड सिस्टम का सामान रखवाकर खड़ा था, तभी शुभम भाठिया, विश्वास बैरागी, राकेश उर्फ गोलू महंत और सुनील दास महंत वहां पहुंचे और बीच-बचाव करने की बात को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि सभी ने मिलकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और फिर वैभव ठाकुर पर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार शुभम भाठिया ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसे नाक, कंधे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 167/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने अभियान के तहत पहले विश्वास बैरागी को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही और विवेचना के आधार पर फरार आरोपी सतवेंदर सिंह उर्फ शुभम भाठिया (28 वर्ष), राकेश उर्फ गोलू महंत (25 वर्ष) तथा सुनील दास महंत (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने शुभम भाठिया की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का कड़ा भी जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
