06 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर/मल्हार:मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी पुलिस ने नाबालिग बच्ची से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। आरोपी मकान मालिक मजदूरी करने आए परिवार की नाबालिग बेटी को लगातार परेशान कर रहा था और उसे पुणे घुमाने के बहाने अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 5 जून 2026 को लिखित शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने माता-पिता के साथ मजदूरी करने जाया करती थी। इसी दौरान मकान मालिक रंजीत कुमार टंडन (26 वर्ष), पिता राधेश्याम टंडन, निवासी ग्राम बिनेका, थाना मस्तूरी उस पर गलत नजर रखता था।
शिकायत में बताया गया कि 15 मई 2026 को आरोपी ने नाबालिग बच्ची को पुणे घुमाने का लालच दिया और उसका हाथ एवं बांह पकड़कर जबरन किस किया। आरोपी लगातार उसे अपने साथ भागकर पुणे चलने के लिए दबाव बना रहा था।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी छेड़छाड़ जैसी हरकतों के कारण कार्रवाई का सामना कर चुका है।
मल्हार चौकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तथा आरक्षक श्यामलाल सोनवानी की सराहनीय भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
