05 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए अमान अंसारी वेलफेयर फाउंडेशन ने शहर के विभिन्न थाना परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस अभियान के माध्यम से संस्था ने हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

संस्था के संस्थापक अलीम अंसारी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत सिरगिट्टी थाना सहित कई स्थानों पर पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में मुसव्वीर अहमद सिद्दीकी, हसन अली एवं फाउंडेशन के अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर सिरगिट्टी थाना की उप निरीक्षक संतोषी अग्रवाल, त्रिपाठी जी, आरक्षक रितेश मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं जवानों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

संस्था के संस्थापक अलीम अंसारी ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना और उनकी देखभाल करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और प्रकृति संरक्षण के इस महाअभियान का हिस्सा बनें।

गौरतलब है कि पेशे से उद्योगपति अलीम अंसारी अकलतरा स्थित अपने लघु उद्योग के संचालन के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय हैं। प्रतिदिन लगभग 70 किलोमीटर का सफर तय करने के बावजूद वे स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों के लिए समय निकालकर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।

अमान अंसारी वेलफेयर फाउंडेशन स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े अनेक अभियानों के माध्यम से लगातार समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान भी संस्था की सामाजिक प्रतिबद्धता और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील सोच का जीवंत उदाहरण बना।
