05 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 प्रकरण दर्ज कर 16 वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों में 8 हाइवा, 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 2 माजदा वाहन शामिल हैं।

कलेक्टर के निर्देश तथा उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में 2 जून से 5 जून 2026 तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कोटा, तेंदुआ, चौरभट्टी, कछार, लोफंदी, रेंदी, निरतु, कोनी, मंगला, हिर्री, पचपेड़ी, गोबरी, आमाकोनी, मल्हार, गनियारी, चकरभाठा और कुकुर्दीकला सहित कई क्षेत्रों में खनिज परिवहन की जांच की गई।

जांच के दौरान अवैध रूप से रेत, चूनापत्थर, साधारण पत्थर तथा मिट्टी ईंट का परिवहन करते पाए गए वाहनों को जब्त किया गया। कोटा, गनियारी और गोबरी क्षेत्रों में चूनापत्थर परिवहन करते हाइवा पकड़े गए, जबकि मंगला, कोनी, चकरभाठा, पचपेड़ी और कुकुर्दीकला क्षेत्रों में रेत परिवहन में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं हाइवा जब्त किए गए। इसके अलावा मिट्टी ईंट का परिवहन कर रहे दो माजदा वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग के अनुसार जब्त सभी वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वाहनों को संबंधित थाना क्षेत्रों कोनी, कोटा, चकरभाठा, सकरी, हिर्री एवं पचपेड़ी की अभिरक्षा में रखा गया है।
