रायगढ़:घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की करोड़ों रुपये की संपत्ति और मेहनत की कमाई हड़पने के कथित षड्यंत्र का खुलासा हुआ है। शिकायत की जांच के बाद घरघोड़ा पुलिस ने व्यवसायी की पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, घरघोड़ा निवासी व्यवसायी पिंगल कुमार बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी सीमा बघेल, साला कृष्ण कुमार यादव और ससुर भरतलाल यादव ने मिलकर उसकी रकम और संपत्ति पर कब्जा करने की योजना बनाई। जांच में सामने आया कि व्यवसाय से प्राप्त धनराशि कथित रूप से बिना जानकारी के निकालकर साले को दी जा रही थी। बैंक खातों के लेन-देन की जांच में भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधियां सामने आईं।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि तमनार क्षेत्र में मुआवजा मिलने की संभावना वाली भूमि को दबाव बनाकर पत्नी के नाम पर खरीदा गया तथा अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने के लिए मानसिक प्रताड़ना दी गई। एसडीओपी धरमजयगढ़ की जांच में चोरी, धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके आधार पर थाना घरघोड़ा में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में नामजद एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
